उत्तर प्रदेश के कौशाम्बी जिले के प्रशासन के साथ सोलन जिले का प्रशासन लगातार संपर्क में है। महाकुंभ में स्नान के दौरान अर्की उपमंडल में हुई दुर्घटना में घायल श्रद्धालु स्वास्थ्य लाभ कर रहे हैं। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के निर्देशानुसार, सोलन जिला प्रशासन कौशाम्बी के प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर घायलों को समय पर चिकित्सा सहायता प्रदान कर रहा है। अर्की के विधायक संजय अवस्थी ने इस घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने जिला प्रशासन को त्वरित उपचार और राहत पहुंचाने के निर्देश दिए हैं और वह लगातार कौशाम्बी प्रशासन के संपर्क में हैं और घायलों की उचित सहायता के लिए हर स्तर पर समन्वय स्थापित कर रहे हैं ताकि घायलों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
उन्होंने घायलों के परिजनो से आग्रह किया कि धैर्य बनाए रखें। प्रदेश सरकार अपने नागरिकों की सुरक्षा के लिए निरंतर संवेदनशील है और सभी घायलों के समुचित उपचार का प्रबंध किया गया है।
उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में आयोजित किए जा रहे महाकुम्भ में भाग लेने के लिए सोलन ज़िला के अर्की उपमण्डल से निजी बस के माध्यम से जा रहे श्रद्धालुओं की बस दुर्घटना ग्रस्त होने का समाचार प्राप्त हुआ था।
उन्होंने कहा कि इस सम्बन्ध में कौशाम्बी ज़िला के सिराथू के उपमण्डलाधिकारी से सूचना प्राप्त हुई थी। प्राप्त सूचना के अनुसार दुर्घटना में कुल 31 व्यक्तियों के घायल होने का समाचार है। घायलों में 06 व्यक्तियों को अधिक चोट लगने तथा एक व्यक्ति के गम्भीर रूप से घायल होने की सूचना है।
दुर्घटना में अर्की उपमण्डल के धार ब्राहमणा के 75 वर्षीय तुलसी राम शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए हैं और वर्तमान में सघन चिकित्सा इकाई में उनका उपचार चल रहा है। उपायुक्त ने जानकारी दी कि 14 घायल व्यक्तियों का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सिराथू में और 10 घायलों का ज़िला अस्पताल कौशाम्बी में किया जा रहा है। मनमोहन शर्मा ने बताया कि ज़िला प्रशासन सोलन इस मामले में ज़िला प्रशासन कौशाम्बी के साथ लगातार संपर्क में है और सभी घायलों की उचित देखभाल और उपचार सुनिश्चित किया जा रहा है।
Best Digital Marketing Services – Click Here

No comments:
Post a Comment
Thanks for contact us. We will contact you shortly.