हिमाचल के नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों को बड़ी सौगात, पहली बैठक से मिलेगा मानदेय। - अखण्ड भारत दर्पण (ABD) न्यूज़

अखण्ड भारत दर्पण (ABD)  न्यूज़

ABD News पर पढ़ें राष्ट्रीय, अंतर्राष्ट्रीय, प्रदेश और स्थानीय समाचार। राजनीति, शिक्षा, खेल और ताज़ा खबरें।


Breaking News

    Thursday, June 4, 2026

    हिमाचल के नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों को बड़ी सौगात, पहली बैठक से मिलेगा मानदेय।

    अखण्ड भारत दर्पण (ABD) न्यूज हिमाचल प्रदेश/शिमला (कमल जीत शीमार ऑनलाइन डेस्क ब्यूरो) : हिमाचल प्रदेश में हाल ही में चुने गए पंचायत और स्थानीय निकाय प्रतिनिधियों के लिए राहत भरी खबर है। राज्य सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ लेने के बाद आयोजित पहली आधिकारिक बैठक से ही मासिक मानदेय मिलना शुरू हो जाएगा। इसके लिए संबंधित विभाग ने बजट की पूरी व्यवस्था भी कर ली है।

    सरकार द्वारा जारी संशोधित मानदेय के अनुसार जिला परिषद अध्यक्ष को अब 25 हजार रुपये प्रति माह, उपाध्यक्ष को 19 हजार रुपये और जिला परिषद सदस्यों को 8,500 रुपये मासिक मानदेय मिलेगा।

    वहीं पंचायत समिति स्तर पर अध्यक्ष को 12 हजार रुपये, उपाध्यक्ष को 9 हजार रुपये तथा समिति सदस्यों को 7,500 रुपये प्रति माह दिए जाएंगे।

    ग्राम पंचायतों में प्रधान को 7,500 रुपये और उपप्रधान को 5,100 रुपये मासिक मानदेय मिलेगा। जबकि वार्ड सदस्यों को प्रत्येक बैठक में भाग लेने पर 1,050 रुपये का भत्ता दिया जाएगा।

    नगर निगम चुनाव परिणाम भी अधिसूचित

    उधर, राज्य निर्वाचन आयोग ने धर्मशाला, पालमपुर, मंडी और सोलन नगर निगमों के चुनाव परिणामों की आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है। कुल 63 वार्डों में विजयी पार्षदों के नाम और पते सार्वजनिक कर दिए गए हैं।

    हालांकि मंडी नगर निगम के एक वार्ड में सभी उम्मीदवारों द्वारा नामांकन वापस लेने के कारण मतदान नहीं हुआ, इसलिए वहां 15 में से 14 पार्षदों की सूची ही जारी की गई है। चुनाव परिणामों के बाद अब मेयर और डिप्टी मेयर पदों को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं।

    राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार सभी नगर निगमों में मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। जिला निर्वाचन अधिकारियों और उपायुक्तों से प्राप्त रिपोर्टों के आधार पर अंतिम परिणाम अधिसूचित किए गए हैं।

    अब शपथ ग्रहण के साथ ही नए जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारियां और अधिकार दोनों शुरू हो जाएंगे, जबकि मानदेय का लाभ भी पहली बैठक से ही मिलने लगेगा।

    No comments:

    Post a Comment