अखंड भारत दर्पण(ABD)न्यूज़
✍️ डी० पी० रावत
नई दिल्ली। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने खाद्य कारोबारियों को खाने की पैकिंग और परोसने के लिए अखबारों के उपयोग को तुरंत बंद करने के निर्देश जारी किए हैं। प्राधिकरण ने इसे लोगों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बताते हुए खाद्य व्यवसाय संचालकों को केवल खाद्य-ग्रेड (Food Grade) पैकेजिंग सामग्री का इस्तेमाल करने को कहा है।
यह सलाह हाल ही में मुंबई में एक वड़ा पाव विक्रेता द्वारा खाद्य पदार्थों की पैकिंग के लिए अखबार का उपयोग किए जाने की घटना के बाद जारी की गई है। मामले के सामने आने पर FSSAI और मुंबई महानगरपालिका (बृहन्मुंबई महानगरपालिका) ने संयुक्त कार्रवाई की थी।
FSSAI के अनुसार अखबारों में इस्तेमाल होने वाली प्रिंटिंग इंक में सीसा (Lead) सहित कई हानिकारक रसायन और भारी धातुएं मौजूद हो सकती हैं, जो भोजन के संपर्क में आने पर खाद्य पदार्थों को दूषित कर सकती हैं। लंबे समय तक ऐसे भोजन का सेवन स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है।
प्राधिकरण ने यह भी कहा कि अखबार अक्सर अस्वच्छ वातावरण में रखे जाते हैं, जिससे भोजन में बैक्टीरिया और अन्य हानिकारक तत्वों के पहुंचने का खतरा बढ़ जाता है। इससे खाद्य जनित बीमारियों (Foodborne Diseases) का जोखिम भी बढ़ सकता है।
FSSAI ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक (पैकेजिंग) विनियम, 2018 का हवाला देते हुए स्पष्ट किया है कि भोजन को रखने, लपेटने या परोसने के लिए अखबार या अन्य गैर-अनुमोदित सामग्री का उपयोग प्रतिबंधित है।
प्राधिकरण ने रेहड़ी-फड़ी विक्रेताओं, रेस्टोरेंट, क्लाउड किचन, कैटरिंग सेवाओं और अन्य खाद्य व्यवसाय संचालकों को निर्देश दिए हैं कि वे केवल अनुमोदित खाद्य-ग्रेड पैकेजिंग सामग्री का ही उपयोग करें। साथ ही उपभोक्ताओं से भी सतर्क रहने और भोजन की पैकिंग में इस्तेमाल हो रही सामग्री पर ध्यान देने की अपील की गई है।

No comments:
Post a Comment