अखंड भारत दर्पण(ABD)न्यूज़
✍️ विशेष रिपोर्ट : डी० पी० रावत
दो से तीन किलोवाट तक के सोलर संयंत्रों पर मिल रही आकर्षक सब्सिडी
हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के बंद होने संबंधी चर्चाएं सामने आई हैं, लेकिन योजना से जुड़े अधिकारियों ने ऐसी खबरों को भ्रामक बताया है। अधिकारियों के अनुसार यह योजना निर्धारित अवधि तक जारी रहेगी और पात्र उपभोक्ताओं को केंद्र एवं राज्य सरकार की ओर से सब्सिडी का लाभ मिलता रहेगा।
जानकारी के अनुसार योजना के तहत दो किलोवाट तक का सोलर पैनल लगाने पर कुल लगभग 1.20 लाख रुपये का खर्च आता है। इसमें केंद्र सरकार की ओर से 60 हजार रुपये तथा राज्य सरकार की ओर से 30 हजार रुपये की सब्सिडी प्रदान की जाती है। शेष राशि उपभोक्ता को स्वयं वहन करनी होती है।
वहीं तीन किलोवाट तक के सोलर संयंत्र पर केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा मिलाकर अधिकतम 1.08 लाख रुपये तक की सब्सिडी उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे उपभोक्ताओं पर आर्थिक बोझ काफी कम हो जाता है।
गौरतलब है कि योजना के शुभारंभ के समय देशभर में एक करोड़ घरों पर रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए तीन वर्ष की समय सीमा तय की गई है, जिसकी अंतिम तिथि 31 मार्च 2027 है।
नेडा वाराणसी के वरिष्ठ परियोजना अधिकारी एस.के. गुप्ता ने स्पष्ट किया कि 31 मार्च 2027 योजना के लक्ष्य की समय-सीमा है, न कि योजना के बंद होने की तिथि। उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा के क्षेत्र में देश को मिल रही सफलता और भविष्य की ऊर्जा आवश्यकताओं को देखते हुए इस प्रकार की योजनाओं का महत्व लगातार बढ़ रहा है। इसलिए योजना बंद होने की आशंका निराधार है।
अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और अधिकृत पोर्टल या संबंधित विभाग से जानकारी प्राप्त कर योजना का लाभ उठाएं।

No comments:
Post a Comment