Wednesday, June 3, 2026
Home
हिमाचल प्रदेश दर्पण
मंडी की बेटी प्रिया ठाकुर ने कनाडा आर्मी में पाई जगह, क्षेत्र में खुशी की लहर।
मंडी की बेटी प्रिया ठाकुर ने कनाडा आर्मी में पाई जगह, क्षेत्र में खुशी की लहर।
अखण्ड भारत दर्पण (ABD) न्यूज हिमाचल प्रदेश/मंडी (कमल जीत शीमार ऑनलाइन डेस्क ब्यूरो) : हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के संधोल क्षेत्र की बेटी प्रिया ठाकुर ने कनाडा आर्मी में भर्ती होकर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उनकी इस सफलता से न केवल उनका परिवार बल्कि पूरा संधोल क्षेत्र, हिमाचल प्रदेश और पंजाब गौरवान्वित महसूस कर रहा है। प्रिया की उपलब्धि को युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणादायक मिसाल माना जा रहा है।
प्रिया ठाकुर संधोल तहसील के बैरी गांव के मूल निवासी बलबीर सिंह ठाकुर की पुत्री हैं। वर्तमान में उनका परिवार पंजाब के फगवाड़ा में निवास करता है। उनकी माता प्रवीण ठाकुर फगवाड़ा नगर निगम में पार्षद हैं। कनाडा आर्मी में चयन की सूचना मिलते ही परिवार को बधाई देने वालों का तांता लग गया और क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई।
प्रिया के पिता बलबीर सिंह ठाकुर ने बताया कि उनकी बेटी ने चयन प्रक्रिया के बारे में परिवार को बहुत कम जानकारी दी थी। उसने केवल इतना बताया था कि कनाडा आर्मी में भर्ती निकली है और उसने आवेदन किया है। इसके बाद उसने लिखित परीक्षा, शारीरिक परीक्षण और अन्य सभी चयन चरणों को सफलतापूर्वक पार कर लिया।
उन्होंने बताया कि प्रिया ने बेहद कठिन परिस्थितियों में सैन्य प्रशिक्षण प्राप्त किया। कड़ाके की ठंड और माइनस तापमान के बीच उसने कठिन प्रशिक्षण पूरा किया। प्रशिक्षण समाप्त होने के बाद जब उसकी नियुक्ति हुई तो उसने फोन पर अपने माता-पिता को यह खुशखबरी दी। यह सुनकर पूरा परिवार भावुक हो गया।
प्रिया की माता प्रवीण ठाकुर ने बताया कि उनकी बेटी का बचपन से ही सपना सेना में भर्ती होकर सेवा करने का था। उन्होंने कहा कि प्रिया हमेशा अनुशासित, मेहनती और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रही है। उसकी सफलता यह साबित करती है कि दृढ़ संकल्प और मेहनत के बल पर कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
इस उपलब्धि पर भाजपा प्रदेश महामंत्री संजीव कटवाल ने भी प्रिया ठाकुर और उनके परिवार को बधाई दी। उन्होंने कहा कि कनाडा आर्मी जैसी प्रतिष्ठित सेवा में चयन होना गर्व की बात है। प्रिया की सफलता क्षेत्र के युवाओं और विशेष रूप से बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
संधोल से लेकर फगवाड़ा तक लोग प्रिया ठाकुर की इस उपलब्धि पर गर्व महसूस कर रहे हैं। उनकी सफलता ने यह संदेश दिया है कि ग्रामीण क्षेत्रों की बेटियां भी अपनी प्रतिभा, मेहनत और आत्मविश्वास के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई ऊंचाइयों को छू सकती हैं।
Tags
# हिमाचल प्रदेश दर्पण
About कमल जीत शीमार,ऑनलाइन डेस्क ब्यूरो।
हिमाचल प्रदेश दर्पण
Tags
हिमाचल प्रदेश दर्पण
Subscribe to:
Post Comments (Atom)
ABD News पर पढ़ें राष्ट्रीय, अंतर्राष्ट्रीय, प्रदेश और स्थानीय समाचार। राजनीति, शिक्षा, खेल और ताज़ा खबरें।
No comments:
Post a Comment