Haryana crime-हरियाणा में बहन के ससुराल आकर पुलिस जवान ने की ताबड़तोड़ फायरिंग, एक की मौत...इस बात की थी रंजिश - अखण्ड भारत दर्पण (ABD) न्यूज़

अखण्ड भारत दर्पण (ABD)  न्यूज़

ABD News पर पढ़ें राष्ट्रीय, अंतर्राष्ट्रीय, प्रदेश और स्थानीय समाचार। राजनीति, शिक्षा, खेल और ताज़ा खबरें।


Breaking News

    Saturday, June 29, 2024

    Haryana crime-हरियाणा में बहन के ससुराल आकर पुलिस जवान ने की ताबड़तोड़ फायरिंग, एक की मौत...इस बात की थी रंजिश

     Haryana crime-हरियाणा में बहन के ससुराल आकर पुलिस जवान ने की ताबड़तोड़ फायरिंग, एक की मौत...इस बात की थी रंजिश

     

                                                                       चरखी दादरी (पुनीत श्योराण) :
     चरखी दादरी में दिल्ली पुलिस के एक जवान ने अपनी ही बहन के घर पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। शुक्रवार अल सुबह हुई इस घटना में गोली लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक महिला सहित 3 लोग घायल हुए हैं। घायलों को रोहतक पीजीआई रेफर किया गया है। वहीं मृतक के शव का दादरी के सिविल में पोस्टमार्टम करते हुए पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया है। 
    पुलिस ने मौके से 20 खोल, दो कारतूस सहित मैगजीन बरामद की हैं।

    बता दें कि चरखी दादरी के गांव घसौला निवासी सुरेंद्र के बेटे रजत की शादी दिसंबर 2023 में गोपालवास निवासी उषा के साथ हुई थी। रजत का साला साकेत दिल्ली पुलिस में सिपाही के पद कार्यरत है, जो करीब डेढ़ साल पहले भर्ती हुआ था। आज सुबह वह दिल्ली से टैक्सी बुक करके गांव घसौला के पास पहुंचा और हथियार के बल पर ड्राइवर को उतारकर अपनी बहन के ससुराल गांव घसौला पहुंचा। जहां उसने सरकारी मशीन गन से अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इस घटना में गोली लगने से 58 वर्षीय छोटे लाल की मौत हो गई। 

    वारदात के प्रत्यक्षदर्शी बहनोई रजत व गजेंद्र ने बताया कि आरोपी साकेत कुमार दिल्ली पुलिस का जवान है और उसकी बहन के ससुराल पक्ष के लोगों द्वारा शादी के समय बोले गए झूठ से खफा था। पुलिस जवान की बहन उषा की शादी के समय उन्हें बताया गया था कि रजत गृह मंत्रालय में नौकरी करता है, लेकिन वह नौकरी नहीं करता था। इसके अलावा रुपयों के लेनदेन की बात भी सामने आई है। घटना के समय आरोपी की बहन अपने ससुराल में नहीं थी और वह अपने मायके गई हुई थी। परिजनों के अनुसार पुलिस जवान द्वारा मशीन गन से की गई फायरिंग में छोटेलाल की मौत हो गई और शकुंतला, शिवम व सुरेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। 

    उधर डीएसपी सुभाष चंद्र ने बताया कि दिल्ली पुलिस के जवान द्वारा सरकारी हथियार से फायरिंग की गई हैं। इस मामले में कई टीमों का गठन किया गया है और हत्या सहित कई धाराओं के तहत केस दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है।

    No comments:

    Post a Comment

    Thanks for contact us. We will contact you shortly.