चुनाव के नाम पर ठेकेदारों से ऐंठा जा रहा पैसा, धमकाकर लिया जा रहा समर्थन; जयराम ठाकुर
Solan News: नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि सरकार ने चुनाव के नाम पर ठेकेदारों से खूब पैसे ऐंठे हैं और अब कांग्रेस के लिए समर्थन मांगा जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा का समर्थन करने पर उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी जा रही है। रविवार को नालागढ़ में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि उपचुनाव जीतने के लिए सरकार पूरी तरह से तानाशाही पर उतर आई है। भाजपा समर्थकों को परेशान करने के लिए सरकार हर संभव प्रयास कर रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि दुकानों पर भारतीय जनता पार्टी के झंडे लगाने पर दुकानदारों को परेशान किया जा रहा है। पुलिस के जरिए उन्हें धमकाया जा रहा है। इसी तरह कर्मचारियों को भी निशाना बनाया जा रहा है। संबंधित विभाग के मंत्री कर्मचारियों पर नजर रख रहे हैं और उन्हें भाजपा का समर्थन न करने की चेतावनी दे रहे हैं।
जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार द्वारा न केवल ठेकेदारों और कर्मचारियों बल्कि चुने हुए जनप्रतिनिधियों को भी परेशान किया जा रहा है। चाहे वह पंचायत प्रधान हो या बीडीसी सदस्य या जिला परिषद सदस्य, सभी को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि यदि उनके क्षेत्र से भाजपा को बढ़त मिलती है तो वे परिणाम भुगतने के लिए तैयार रहें।
इस अवसर पर उनके साथ भाजपा के नालागढ़ प्रत्याशी केएल ठाकुर, पूर्व विधायक लखविन्द्र राणा, परमजीत सिंह पम्मी, सुदीप महाजन, बलबीर ठाकुर, बलदेव तोमर, बलदेव ठाकुर, सरवण चंदेल सहित अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित थे। जयराम ठाकुर ने नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र के जोघो, निचली भाटियान, कालीवाड़ी रामपुर, पंझेरा, चुहुवाल में जनसभाओं को संबोधित किया और भाजपा प्रत्याशी के लिए वोट मांगे।
Best Digital Marketing Services – Click Here
No comments:
Post a Comment
Thanks for contact us. We will contact you shortly.