बंजार के टील-बारधार में पहली बार महिला क्रिकेट प्रतियोगिता, आयोजित खेल के साथ दिया ‘जलवायु बचाओ–समाज जोड़ो’ का संदेश - अखण्ड भारत दर्पण (ABD) न्यूज़

अखण्ड भारत दर्पण (ABD)  न्यूज़

ABD News पर पढ़ें राष्ट्रीय, अंतर्राष्ट्रीय, प्रदेश और स्थानीय समाचार। राजनीति, शिक्षा, खेल और ताज़ा खबरें।


Breaking News

    Friday, April 3, 2026

    बंजार के टील-बारधार में पहली बार महिला क्रिकेट प्रतियोगिता, आयोजित खेल के साथ दिया ‘जलवायु बचाओ–समाज जोड़ो’ का संदेश

     🖋️ बंजार (कुल्लू), 3 अप्रैल

    परस राम भारती | विशेष रिपोर्ट

    अखण्ड भारत दर्पण (ABD) न्यूज़


    जिला कुल्लू के उपमंडल बंजार की दूरदराज ग्राम पंचायत टील के बारधार में पहली बार महिलाओं के लिए क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन कर एक नई पहल की गई। इंस्टिट्यूट फॉर सोशल डेमोक्रेसी (आईएसडी), दिल्ली द्वारा आयोजित इस भव्य महिला खेलकूद प्रतियोगिता में करीब 300 स्थानीय लोगों की भागीदारी रही, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला।


    इस आयोजन की खास बात यह रही कि खेल के साथ-साथ समाज को एक महत्वपूर्ण संदेश भी दिया गया—“जलवायु बचाओ, समाज जोड़ो।” कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को खेलों के माध्यम से सशक्त बनाना, आपसी एकता को बढ़ावा देना और जलवायु परिवर्तन जैसे गंभीर विषय पर जनजागरूकता फैलाना था।


    कार्यक्रम का आयोजन आईएसडी महिला समूह की प्रधान रामेश्वरी देवी, सचिव पुष्पा देवी तथा सदस्य आशा देवी, लता देवी, रक्षा देवी, कमला देवी, सीता देवी, दुर्गा देवी और प्रमिला देवी सहित अन्य महिलाओं के सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। आयोजन के दौरान वक्ताओं ने जलवायु परिवर्तन के महिलाओं पर पड़ने वाले प्रभावों को विस्तार से समझाया और पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया।

    इस मौके पर आंगनबाड़ी एवं बाल विकास विभाग द्वारा एक प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें विद्या देवी, इंदिरा देवी और कृष्णा देवी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रदर्शनी के माध्यम से पोषण, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े संदेश भी लोगों तक पहुंचाए गए।

    कार्यक्रम का शुभारंभ गांव छुनार की वरिष्ठ महिला प्यारी देवी ने किया, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में मजदूर कल्याण संघ की ब्लॉक प्रतिनिधि भावना चौहान ने शिरकत की। उन्होंने महिलाओं को पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक एकता और आत्मनिर्भरता के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि महिलाएं समाज में बदलाव की मजबूत कड़ी बन सकती हैं।

    इस दौरान अंजनी देवी, आलम चंद, आईएसडी के युवा अध्यक्ष चमन लाल तथा मुख्य सलाहकार तेज सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे और अपने विचार साझा किए। मंच संचालन दुर्गा देवी और तनु ठाकुर ने किया, जबकि आयोजन की मुख्य जिम्मेदारी पुष्पा देवी और आशा देवी ने संभाली।

    प्रतियोगिता में कुल सात टीमों ने भाग लिया। कबड्डी प्रतियोगिता में गांव छुनार की महिलाओं ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि क्रिकेट प्रतियोगिता में गांव बछुट की टीम विजेता रही। क्रिकेट में दूसरा स्थान गांव टील और कबड्डी में दूसरा स्थान गांव बछुट की महिलाओं को मिला।

    इसके अलावा लंगड़ी रेस, चम्मच रेस जैसी पारंपरिक प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं, जिनमें अलका ठाकुर, शालु ठाकुर, दीक्षा ठाकुर, आशा देवी, शीला देवी और सुभद्रा देवी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पुरस्कार हासिल किए।

    गौरतलब है कि ग्राम पंचायत टील में महिलाओं के लिए क्रिकेट प्रतियोगिता का यह पहला आयोजन था, जिसने महिलाओं में आत्मविश्वास, भागीदारी और नेतृत्व क्षमता को नई दिशा दी है। इस आयोजन ने यह साबित कर दिया कि खेल न केवल मनोरंजन का माध्यम हैं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन और जागरूकता का सशक्त जरिया भी बन सकते हैं।

    इस सफल आयोजन ने पूरे क्षेत्र में महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक एकता का मजबूत संदेश प्रसारित किया, जो आने वाले समय में ऐसे और प्रयासों के लिए प्रेरणा बनेगा।

    No comments:

    Post a Comment