प्रेमी की हत्या कर महिला ने उसके शव को अपनी सहेली के घर में दफनाया - अखण्ड भारत दर्पण (ABD) न्यूज़

अखण्ड भारत दर्पण (ABD)  न्यूज़

ABD News पर पढ़ें राष्ट्रीय, अंतर्राष्ट्रीय, प्रदेश और स्थानीय समाचार। राजनीति, शिक्षा, खेल और ताज़ा खबरें।


Breaking News

    Sunday, July 21, 2024

    प्रेमी की हत्या कर महिला ने उसके शव को अपनी सहेली के घर में दफनाया

    उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ की एक महिला ने ऐसा कारनामा कर दिखाया कि अब उत्तर प्रदेश, बिहार और हरियाणा की पुलिस हैरान है। यह घटना फतनपुर थाना क्षेत्र के सुवंसा गांव की है। महिला ने अपने प्रेमी की हत्या कर उसके शव को अपनी सहेली के घर में दफना दिया।



    प्रतापगढ़ के फतनपुर थाना क्षेत्र के सुवंसा निवासी विनोद और उसकी पत्नी पुष्पा, जो कि हरियाणा के गुरुग्राम में एक निजी कंपनी में काम करते हैं। वहां पुष्पा का बिहार के मुनियारी डेम निवासी शिवनाथ (40) से प्रेम प्रसंग चल रहा था।

    पुष्पा शिवनाथ से पीछा छुड़ाना चाहती थी। एक महीने पहले, पुष्पा ने कंपनी से छुट्टी लेकर घर चली आई और कुछ दिनों बाद शिवनाथ भी सुवंसा आ गया। पुष्पा ने उसे अपनी सहेली पूनम के घर ठहराया।

    यह भी जानकारी मिली है कि 14 जून को विनोद के घर में शादी थी। इसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए वह पत्नी को लेकर आया था। उसके साथ में शिवनाथ भी आ गया था।

    पुष्पा ने अपने पति विनोद, सहेली पूनम और उसके पति चिंतामणि की मदद से शिवनाथ की बांका से गला रेतकर हत्या कर दी और शव को पूनम के घर के पीछे दफना दिया। घटना को अंजाम देने के बाद विनोद और पुष्पा फिर से गुरुग्राम नौकरी करने चले गये।

    शिवनाथ के गायब होने पर उसके परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। एक सप्ताह पहले सतर थाने की पुलिस ने पुष्पा को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें वह टूट गई। दो दिन पहले सतर थाने के एएसआई राकेश पुलिस फोर्स के साथ पुष्पा को लेकर फतनपुर पहुंचे।



    शनिवार 20 जुलाई 2024 को मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में स्थानीय पुलिस ने पूनम के घर दफनाए गए शिवनाथ का शव निकालने के लिए खोदाई कराई। दुर्गंध के चलते लोगों का सांस लेना मुश्किल हो गया था। पुलिस ने पूनम के घर से ही हत्या में प्रयुक्त बांका भी बरामद कर लिया।

    फतनपुर थानाध्यक्ष अभिषेक सिरोही ने बताया कि घटना में शामिल पूनम और चिंतामणि फरार हैं और उनकी तलाश जारी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुष्पा ने शिवनाथ को फंसाकर उससे रुपये और जेवरात भी अपने घर लाए थे। मृतक का भाई पुलिस के साथ आया था लेकिन वह कुछ भी बताने को तैयार नहीं था।

    यह घटना प्रतापगढ़ के सुवंसा गांव की है, जहां पुष्पा नाम की महिला ने अपने प्रेमी शिवनाथ की हत्या कर दी और शव को अपनी सहेली के घर में दफना दिया। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए पुष्पा और उसके पति को हिरासत में ले लिया है और फरार सहेली व उसके पति की तलाश जारी है।

    No comments:

    Post a Comment

    Thanks for contact us. We will contact you shortly.