'हीट वेव' (गर्मी की लहर) के मद्देनजर स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी विशेष सलाह का पालन करने की गई अपील। - अखण्ड भारत दर्पण (ABD) न्यूज़

अखण्ड भारत दर्पण (ABD)  न्यूज़

ABD News पर पढ़ें राष्ट्रीय, अंतर्राष्ट्रीय, प्रदेश और स्थानीय समाचार। राजनीति, शिक्षा, खेल और ताज़ा खबरें।


Breaking News

    Thursday, May 21, 2026

    'हीट वेव' (गर्मी की लहर) के मद्देनजर स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी विशेष सलाह का पालन करने की गई अपील।

    अखण्ड भारत दर्पण (ABD) न्यूज पंजाब/जालंधर (कमल जीत शीमार ऑनलाइन डेस्क ब्यूरो) : उपायुक्त वरजीत वालिया द्वारा 'हीट वेव' (गर्मी की लहर) के मद्देनजर स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी विशेष सलाह का पालन करने की अपील की गई है और कहा कि सावधानी बरतने से ही लू से बचा जा सकता है।

    उन्होंने कहा कि तेज धूप और गर्म हवाएं मानव स्वास्थ्य के लिए हानिकारक साबित हो सकती हैं, इसलिए लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचना चाहिए। यदि दोपहर में बाहर निकलना बहुत जरूरी हो, तो सिर को ढक कर रखना चाहिए और हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने को प्राथमिकता देनी चाहिए।

    उन्होंने कहा कि सिर को सीधी धूप से बचाने के लिए छाता, टोपी, तौलिया, पगड़ी या दुपट्टा का इस्तेमाल करना चाहिए और धूप में नंगे पैर नहीं चलना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि धूप में काम करने वाले लोगों को कुछ समय बाद छाया में आराम करना चाहिए या शरीर का सही तापमान बनाए रखने के लिए सिर पर गीला तौलिया या कपड़ा रखना चाहिए।

    उपायुक्त वरजीत वालिया द्वारा कहा गया है कि शरीर में निर्जलीकरण से बचने के लिए ओआरएस, नींबू पानी, लस्सी, नारियल पानी और अन्य तरल पदार्थों का जितना हो सके उतना सेवन करना चाहिए। इसके अलावा, मौसमी फलों और सब्जियों का अधिक उपयोग करना चाहिए।

    उपायुक्त वरजीत वालिया द्वारा आगे कहा गया कि लू लगने के कोई भी लक्षण दिखने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क किया जाना चाहिए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को जिले के स्वास्थ्य केंद्रों में लू से संबंधित बीमारियों के तत्काल उपचार के लिए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया गया है।

    No comments:

    Post a Comment