डी. पी. रावत
अखण्ड भारत दर्पण (ABD)न्यूज़
2 मई, आनी
आनी विकास खंड की सभी 38 पंचायतों के 208 वार्डों में पंचायत चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो गई है। जिला परिषद के 2 वार्डों, पंचायत समिति के 15 वार्डों तथा नम्म्होंग और जावन को छोड़कर शेष 36 पंचायतों में प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्यों के चुनाव के लिए आवश्यकता पड़ने पर 26, 28 और 30 मई को सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक मतदान होगा। इसके लिए कुल 208 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
ग्राम पंचायत लफाली और तांदी को छोड़कर सभी पंचायतों में मतगणना संबंधित पंचायत घरों में ही की जाएगी। पंचायत भवन न होने के कारण लफाली पंचायत के लिए नामांकन व मतगणना राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला लढागी तथा तांदी पंचायत के लिए यह प्रक्रिया राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला तांदी में होगी।
निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम आनी लक्ष्मण कनेट ने बताया कि जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के मतों की गिनती 31 मई को सुबह 9 बजे से राजकीय डिग्री कॉलेज हरिपुर में की जाएगी। मतपेटियों को कड़ी सुरक्षा के बीच स्ट्रांग रूम में रखा जाएगा।
चरणवार मतदान कार्यक्रम के अनुसार 26 मई को 13 पंचायतों, 28 मई को 13 पंचायतों और 30 मई को 12 पंचायतों में मतदान संपन्न होगा।
नामांकन प्रक्रिया 7, 8 और 11 मई को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेगी। जिला परिषद के लिए नामांकन एसडीएम आनी के समक्ष, पंचायत समिति के लिए तहसीलदार आनी के समक्ष तथा पंचायत स्तर के चुनावों के लिए संबंधित निर्वाचन स्थलों पर नामांकन दाखिल किए जाएंगे।
12 मई को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 14 और 15 मई को नाम वापसी का समय निर्धारित किया गया है। 15 मई को ही उम्मीदवारों की अंतिम सूची और चुनाव चिन्ह जारी किए जाएंगे। बूथों की पूरी सूची 7 मई को प्रकाशित होगी।
स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव के लिए एक सेक्टर मजिस्ट्रेट, 7 सेक्टर अधिकारी और 36 सहायक निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। मतदान कर्मियों के लिए 5, 13 और 23 मई को प्रशिक्षण आयोजित होगा। 24 मई को उन्हें उनके गंतव्य स्थानों के लिए रवाना किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त, खंड स्तर पर एक नियंत्रण कक्ष (मीडिया सेल) स्थापित किया गया है, जिसके समन्वयक कुंदन शर्मा (प्रवक्ता, राजनीति शास्त्र) नियुक्त किए गए हैं।
प्रशासन ने सभी से आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से पालन करने की अपील की है।



No comments:
Post a Comment