HRTC जल्द खरीदेगा 297 नई इलेक्ट्रिक बसें, मुकेश अग्निहोत्री बोले, 375 से 400 रुपए होगा दैनिक वेतन - अखण्ड भारत दर्पण (ABD) न्यूज़

अखण्ड भारत दर्पण (ABD)  न्यूज़

ABD News पर पढ़ें राष्ट्रीय, अंतर्राष्ट्रीय, प्रदेश और स्थानीय समाचार। राजनीति, शिक्षा, खेल और ताज़ा खबरें।


Breaking News

    Friday, July 19, 2024

    HRTC जल्द खरीदेगा 297 नई इलेक्ट्रिक बसें, मुकेश अग्निहोत्री बोले, 375 से 400 रुपए होगा दैनिक वेतन

     HRTC जल्द खरीदेगा 297 नई इलेक्ट्रिक बसें, मुकेश अग्निहोत्री बोले, 375 से 400 रुपए होगा दैनिक वेतन



    Himachal News: हिमाचल पथ परिवहन निगम निदेशक मंडल की बैठक शुक्रवार को उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में निगम के खर्चे घटाने और राजस्व बढ़ाने पर विस्तृत चर्चा की गई। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि परिवहन निगम में कंडक्टरों की भर्ती की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और 357 चयनित उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र जारी किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि बैठक में निगम के दैनिक वेतन भोगियों का दैनिक वेतन 375 से बढ़ाकर 400 रुपये करने का महत्वपूर्ण फैसला लिया गया है।

    297 नई इलेक्ट्रिक बसें खरीदने का टेंडर जल्द

    उन्होंने कहा कि हिमाचल पथ परिवहन निगम अपनी स्थापना के 50 वर्ष मनाने जा रहा है। यह बहुत गर्व की बात है कि निगम की बसें प्रदेश के लाखों लोगों को रात-दिन सेवाएं प्रदान कर रही हैं। हर दिन लगभग पांच लाख लोग परिवहन निगम की सेवाओं का लाभ उठा रहे हैं। उन्होनें कहा कि परिवहन निगम अपने कर्मचारियों को वेतन व सेवानिवृत्त कर्मचारियों को पेंशन प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है और पिछले लगभग पांच महीनों से समय पर वेतन दिया जा रहा है। अग्निहोत्री ने कहा कि निगम के बेड़े में 297 नई इलेक्ट्रिक बसें खरीदने के लिए टेंडर प्रक्रिया अंतिम चरण पर है। इसके अलावा, 24 पुरानी वोल्वो बसों को नई बसों से बदला जाएगा।

    किराये में छूट की योजनाएं पहले की तरह लागू रहेंगी

    उन्होंने कहा कि निगम की बसों के किराये में छूट की योजनाएं पहले की तरह जारी रहेंगी। उन्होंने कहा कुछ रूटों पर बड़ी बसों के स्थान पर टैंपो ट्रैवलर चलाए जाएंगे। भविष्य में 100 टेंपो ट्रैवलर और 250 डीजल बसें खरीदी जाएंगी। उन्होंने परिवहन निगम को मिल रहे अनुदान के लिए राज्य सरकार का अभार व्यक्त किया। निगम के प्रबंध निदेशक रोहन चंद ठाकुर ने बैठक का संचालन किया।

    उन्होंने आश्वासन दिया कि आने वाले समय में निगम की कार्यप्रणाली में और सुधार लाया जाएगा, ताकि लोगों को बेहतर सेवाएं प्रदान करने के साथ निगम की आय में भी वृद्धि की जा सके। निदेशक मंडल के गैर सरकारी सदस्य रंजीत सिंह राणा, राम गोपाल शर्मा, मोहिंद्र संधु, प्रदीप सूर्या, निशांत ठाकुर और मनमोहन कटोच, प्रबंध निदेशक डीसी. नेगी, विशेष सचिव वित्त विनय कुमार बैठक में उपस्थित थे


    No comments:

    Post a Comment