बालोतरा:ABD NEWS राजस्थान राज्य ब्यूरो (असरफ मारोठी) बालोतरा शहर में राजस्थान नगरीय आधारभूत विकास परियोजना (RUIDP) के चतुर्थ चरण के तहत विकास कार्यों के साथ-साथ आमजन को जागरूक करने का अभियान भी तेज हो गया है। इसी कड़ी में शनिवार को पानी की महत्ता समझाने और जल संकट से निपटने के संदेश के साथ स्कूली बच्चों ने एक विशाल जागरूकता रैली निकाली।
नेहरू कॉलोनी और नाहटा हॉस्पिटल मार्ग से गुजरी रैली
RUIDP के अधीक्षण अभियंता अशोक कुमार जैन के मार्गदर्शन में सामुदायिक विकास विशेषज्ञ गायत्री गर्ग द्वारा मौलाना अबुल कलाम आजाद उच्च माध्यमिक विद्यालय में इस रैली का आयोजन किया गया। रैली को स्कूल कमेटी अध्यक्ष जनाब हाजी मोहम्मद तय्यब, प्रधानाचार्य हस्ताराम पांचल और सामाजिक विकास विशेषज्ञ गायत्री गर्ग ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रैली विद्यालय परिसर से रवाना होकर हरिजन बस्ती, नेहरू कॉलोनी और नाहटा हॉस्पिटल मार्ग जैसे व्यस्त क्षेत्रों से गुजरी।
हाथों में तख्तियां और गगनभेदी नारे, वर्षा जल संचयन पर जोर
रैली में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों के हाथों में “जल है तो कल है” और “पानी बचाओ, जीवन बचाओ” जैसे नारों वाली तख्तियां थीं। बच्चों ने पूरे जोश के साथ नारे लगाते हुए रास्ते में खड़े नागरिकों को पानी की बर्बादी रोकने और रेन वाटर हार्वेस्टिंग (वर्षा जल संचयन) अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में देमाराम सर, रतनलाल सहित विद्यालय स्टाफ व गणमान्य लोग मौजूद रहे।
संवेदक फर्म की चेतावनी- समय रहते नहीं संभले तो आने वाली पीढ़ियां भुगतेंगी
इस दौरान संवेदक फर्म जीसीकेसी (GCKC) के प्रतिनिधि महेंद्र कुमार ने कहा कि वर्तमान समय में जल संकट एक गंभीर चुनौती बन चुका है। यदि समय रहते जल संरक्षण के प्रभावी प्रयास नहीं किए गए, तो आने वाली पीढ़ियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने पानी की बचत के इस संदेश को प्रत्येक घर तक पहुंचाने की आवश्यकता पर बल दिया।
No comments:
Post a Comment