*चम्बा पार्टी के दौरान हुई मामूली कहासुनी, पत्थर से वार कर ले ली दोस्त की जान*
हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिले की पलूहीं पंचायत में मामूली कहासुनी के बाद एक युवक ने अपने दोस्त की हत्या कर दी। उसके सिर पर पत्थर से वार कर उसे मौत के घाट उतारा है। वारदात को अंजाम देने के बाद शव को उठाकर सड़क के निचले हिस्से में फैंक दिया। पुलिस ने मामले में नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस थाना सदर चम्बा में हत्या का मुकद्दमा दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। अब पूछताछ के बाद ही हत्या के कारणों का पता चल पाएगा।
जानकारी शुक्रवार सुबह बरौर पंचायत के झल्ल गांव के निवासी अजय सिंह को ग्रामीणों ने सड़क के नीचे खून से लथपथ देखा। वहीं पलूही मार्ग पर भी काफी खून बिखरा था। इस पर तुरंत परिजनों व पुलिस को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही सदर पुलिस थाना प्रभारी इंस्पैक्टर रमन चौधरी की अगुवाई में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहीं युवक के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने प्रारंभिक जांच के आधार पर हत्या का मामला पाया। इसी बीच पुलिस ने फोरैंसिक एक्सपर्ट की टीम को भी मौके पर बुलाया। फोरैंसिक एक्सपर्ट की टीम ने घटनास्थल का दौरा कर साक्ष्य जुटा लिए हैं।
पुलिस जांच में सामने आया है कि वीरवार रात को तीन दोस्त पार्टी कर रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनमें कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि अरुण कुमार ने अजय सिंह के सिर पर पत्थर से वार कर दिया। इससे उसकी मौत हो गई।

No comments:
Post a Comment