कैग रिपोर्ट ने खोली हिमाचल सरकार की पोल: अनुराग ठाकुर बोले, कांग्रेस की नाकामी का पुलिंदा - अखण्ड भारत दर्पण (ABD) न्यूज़

अखण्ड भारत दर्पण (ABD)  न्यूज़

ABD News पर पढ़ें राष्ट्रीय, अंतर्राष्ट्रीय, प्रदेश और स्थानीय समाचार। राजनीति, शिक्षा, खेल और ताज़ा खबरें।


Breaking News

    Sunday, August 31, 2025

    कैग रिपोर्ट ने खोली हिमाचल सरकार की पोल: अनुराग ठाकुर बोले, कांग्रेस की नाकामी का पुलिंदा

     

    पूर्व केंद्रीय मंत्री और हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश विधानसभा में पेश वर्ष 2023-24 की नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) रिपोर्ट को कांग्रेस सरकार की "नाकामी का पुलिंदा" करार दिया है।



    अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार अपने गठन के दिन से ही प्रदेश को आर्थिक बदहाली की ओर धकेल रही है। एक के बाद एक जनविरोधी फैसलों ने हिमाचल को संकट की स्थिति में ला खड़ा किया है, मगर सरकार बेपरवाह बनी हुई है। उन्होंने कहा कि कैग रिपोर्ट ने सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।


    केंद्र की राशि वापस, 1024 करोड़ खर्च न कर लौटाए


    अनुराग ठाकुर ने बताया कि केंद्र सरकार ने प्रदेश में विकास कार्यों के लिए बड़ी धनराशि भेजी थी, लेकिन हिमाचल सरकार उसका उपयोग करने में नाकाम रही। 1024 करोड़ रुपये से अधिक की राशि केंद्र को वापस करनी पड़ी, जो सरकार के आर्थिक कुप्रबंधन और विकास कार्यों के प्रति उदासीन रवैये को उजागर करता है।


    40 परियोजनाओं पर शून्य खर्च


    उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार केवल "कागजी घोड़े" दौड़ा रही है। अनुपूरक बजट पेश करने के बावजूद सरकार मूल बजट तक खर्च नहीं कर पाई। कैग रिपोर्ट के अनुसार 40 परियोजनाओं के लिए जारी राशि का एक भी रुपया खर्च नहीं हुआ। यह प्रदेश के हितों के साथ खिलवाड़ और सरकार की नाकामी का स्पष्ट सबूत है।


    "निकम्मेपन का प्रमाण"


    अनुराग ठाकुर ने कहा कि यह पूरी स्थिति कांग्रेस सरकार के निकम्मेपन और असफल शासन को दर्शाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता के मुद्दों से ध्यान भटकाने में लगी है, जबकि वास्तविकता यह है कि विकास कार्य ठप पड़े हैं और प्रदेश आर्थिक संकट झेल रहा है।

    No comments:

    Post a Comment

    Thanks for contact us. We will contact you shortly.