भारतीय मज़दूर संघ के सदस्यों पर पुलिस द्वारा लाठीचार्ज। - अखण्ड भारत दर्पण (ABD) न्यूज़

अखण्ड भारत दर्पण (ABD)  न्यूज़

ABD News पर पढ़ें राष्ट्रीय, अंतर्राष्ट्रीय, प्रदेश और स्थानीय समाचार। राजनीति, शिक्षा, खेल और ताज़ा खबरें।


Breaking

Tuesday, November 30, 2021

भारतीय मज़दूर संघ के सदस्यों पर पुलिस द्वारा लाठीचार्ज।

जाटव,ब्यूरो दिल्ली।
सचिवालय के गेट के बाहर 45 मिनट तक सड़क पर पड़ी रही घायल महिला कार्यकर्ता
सचिवालय के घेराव को पहुंचे भारतीय मजदूर संघ के कार्यकर्ताओं को लाठियां खानी पड़ी हैं। सोमवार को सचिवालय के गेट को पार करने की कोशिश में कार्यकर्ताओं की पुलिस कर्मियों से धक्कामुक्की हो गई और इस दौरान महासंघ के महासचिव और कांगड़ा जिला के गंगथ से एक महिला आंगनबाड़ी कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल महिला पूनम देवी करीब 45 मिनट तक सड़क पर ही पड़ी रही। बाद में हालत में सुधार न होता देख हमीरपुर से आए अन्य कार्यकर्ता महिला को उठाकर छोटा शिमला की डिस्पेंसरी में ले गए। यहां महिला को उपचार दिया गया। जिस समय महिला को उपचार दिया जा रहा था, उस दौरान महिला की साथी को भी चक्कर आ गया। हालांकि बाद में दोनों महिलाओं की हालत में सुधार बताया जा रहा है। भामस के महासचिव यशपाल हेटा भी इस दौरान घायल हो गए थे। कार्यकर्ताओं ने बताया कि पुलिस कर्मचारी का डंडा सिर पर लगने से यशपाल को गंभीर चोट पहुंची हैं।

 इससे वह खुद को संभाल नहीं पाए और प्रदर्शन के दौरान ही सड़क पर गिर पड़े। इस बीच साथी कार्यकर्ता उन्हें उठाकर आईजीएमसी ले गए। उधर, सचिवालय के बाहर धरने पर बैठे भामस के कार्यकर्ताओं ने दोनों की रिपोर्ट न आने तक धरना छोड़ने से इनकार कर दिया। पदाधिकारियों के घायल होने से नाराज महिलाओं ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। करीब डेढ़ घंटे बाद दोनों के ठीक होने की सूचना मिलने के बाद ही कार्यकर्ता सचिवालय के बाहर सड़क से उठना शुरू हुए। इस मौके पर भामस के प्रदेशाध्यक्ष मदन राणा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। धरने में समूचे प्रदेश से करीब डेढ़ हजार लोग शिमला पहुंचे थे।

No comments:

Post a Comment